फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर 56 टीम ने हनीट्रैप का रेकेट चला रही एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान में सानिया (23) , रेशमा (45) , रहीश (48), इरफान (27) तथा फरीद (27) के रूप में हुई है। आरोपी सानिया व इरफान गांव फतेहपुर तगा, रहीश व फरीद कुरेशीपुर तथा रेशमा गांव धौज की रहने वाली है। इसमें से आरोपी रहीश लकड़ी का काम करता है, फरीद की मीट की दुकान है। इरफान मजदूरी करता है तथा दोनों महिलाएं घरेलू कार्य करती हैं।
जांच में पता लगा करीब 10 से 12 लोग मिलकर हनीट्रैप का गिरोह चलाते हैं। इनकी मुखिया सानिया उसका पति सलीम, सानिया का फूफा रफीक, बुआ रेशमा व काले उर्फ मुबारक इत्यादि हैं। सानिया लोगों को अपनी मीठी बातों में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए उकसाती है।
इसके बाद सभी आरोपी मिलकर उसे ब्लैकमेल करते हैं और पैसे ऐंठ लेते हैं। 11 सितंबर 2024 को आरोपियों को खिलाफ धौज थाने में साजिश, एक्सटॉर्शन, स्नैचिंग, अपहरण इत्यादि धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपियों ने नूंह निवासी आरिफ को बातों में फंसाया और पैसे ऐंठ लिए। सानिया ने फरवरी 2024 में आरिफ को फोन करके अपने प्यार के जाल में फंसा लिया।
उसने आरिफ को बताया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है मुझे आकर बचा लो। आरिफ अपने दोस्त काले उर्फ मुबारिक को लेकर सानिया को बचाने के लिए चल दिया। रात करीब 9:00 बजे आरिफ गाड़ी लेकर बल्लभगढ़ तेवतिया फार्म के पास पहुंचा। यहां उसे सानिया मिली वे उसे नेकपुर गांव लेकर पहुंचे। गांव में पहुंचते ही सानिया ने आरिफ को बातों में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए उकसाने लगी।
इसी बीच सानिया का पति सलीम व अन्य साथी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरिफ को धमकाते हुए कहा कि वह सानिया के साथ गलत काम करने की कोशिश कर रहा था। आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपए मांगे। आरिफ ने डर से कारण उधार लेकर आरोपियों को 3.51 लाख रुपए दे दिए। आरिफ को बाद में पता लगा कि उसका दोस्त काले उर्फ मुबारिक भी इसी गैंग का सदस्य है। उसी ने सानिया को आरिफ का नंबर दिया था।
आरिफ ने पुलिस को बताया कि सानिया और उसके साथियों ने पहले भी इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों ने थाना मुजेसर , एनआईटी, राजस्थान के कोट कासिम तथा उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बलात्कार के केस दर्ज करा रखे हैं। आरोपी केस में सुनवाई के दौरान अपनी शिकायत से मुकरने के लिए पैसे लेते हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Leave a Reply